एडिट करेंएडिट करें
होमपंजाबIndiGo पायलट को मारने वाला यात्री 30 दिन तक नहीं कर पाएगा हवाई यात्रा !
पंजाब

IndiGo पायलट को मारने वाला यात्री 30 दिन तक नहीं कर पाएगा हवाई यात्रा !

संपादकीय टीम 16 जनवरी 2024 को 02:25 pm बजे
0 views

IndiGo ने यात्री को उपद्रवी घोषित किया, कटारिया ने कहा-गुस्सा हनीमून के लिए गोवा जाने में देरी होने के कारण था, पुलिस ने इस दावे का खंडन किया

नई दिल्ली। IndiGo ने उस यात्री को उपद्रवी घोषित कर दिया है और उसे 30 दिनों तक नो-फ्लाई सूची में डालने पर विचार कर रही है जिसने कोहरे के कारण फ्लाइट उड़ने में देरी पर पायलट को मुक्का मारा था। एयर लाइन ऐसा यात्री और चालक दल की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और इस तरह के व्यवहार के लिए शून्य-सहिष्णुता की नीति के लिए कर रही है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, 14 जनवरी को उड़ान में 13 घंटे की देरी के दौरान सह-कप्तान अनूप कुमार पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार 28 वर्षीय इंडिगो यात्री साहिल कटारिया ने पुलिस के पास दावा किया है कि हनीमून के लिए गोवा जाते समय उसने अपना आपा खो दिया था। दूसरी ओर, पुलिस ने इस दावे का खंडन किया, क्योंकि कटारिया की शादी को पांच महीने हो चुके हैं।

दिल्ली में खिलौनों की दुकान चलाने वाले कटारिया ने कहा कि उनका गुस्सा हनीमून के लिए गोवा जाने में काफी देरी होने के कारण था। 14 जनवरी को सुबह 7.40 बजे के लिए निर्धारित उड़ान ने अंततः शाम 6.30 बजे उड़ान भरी।

इंडिगो ने कहा, उचित कार्रवाई और नियामक दिशानिर्देशों के अनुसार यात्री को 'नो-फ्लाई सूची' में शामिल करने के लिए घटना को आंतरिक कमेटी के पास भेजा जा रहा है।

दिल्ली से गोवा जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई-2175) पर रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में घने कोहरे के कारण देरी की घोषणा के दौरान कटारिया को कुमार पर आरोप लगाते देखा गया।

कटारिया ने पायलट पर चिल्लाते हुए कहा था, चलाना है चला, नहीं चलाना मत चला, गेट खोल। बाद में एक अन्य यात्री ने उन्हें रोका और सुरक्षा कर्मियों को सौंप दिया।

माइक्रोब्लॉगिंग साइट एक्स पर ये वीडियो वायरल हुई थी। इंडिगो फ्लाइट के अंदर से किसी ने वीडियो साझा कर दी थी। कटारिया को गिरफ्तार कर लिया गया और बाद में उसी शाम जमानत पर रिहा कर दिया गया।

तीन घंटे से अधिक देरी वाली उड़ानें रद्द करने का निर्देश

यह घटना उत्तर भारत में कोहरे के कारण व्यापक उड़ान व्यवधान के बीच हुई। विमानन मंत्रालय ने नए नियम जारी किए हैं, जिसमें हवाईअड्डे की अव्यवस्था को दूर करने के लिए एयरलाइंस को तीन घंटे से अधिक देरी वाली उड़ानें रद्द करने का निर्देश दिया गया है।